कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
अगर आप अपना ऑनलाइन बिज़नेस Shopify ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म पर शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो LLP आपकी बिज़नेस स्ट्रक्चर के विकल्पों में से एक हो सकती है। LLP रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आप अपने बिज़नेस के लिए ऑनलाइन स्टोर, पेमेंट्स, शिपिंग और मार्केटिंग सेटअप कर सकते हैं।
इस गाइड में आप जानेंगे कि LLP रजिस्ट्रेशन की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया क्या है, कौन-से दस्तावेज़ आवश्यक हैं, और रजिस्ट्रेशन के बाद किन अनुपालनों का ध्यान रखना ज़रूरी है।
LLP क्या है?
LLP भारत में एक अलग कानूनी बिज़नेस स्ट्रक्चर है। इसका संचालन पार्टनर्स के बीच तय किए गए LLP एग्रीमेंट के अनुसार किया जाता है।
साधारण पार्टनरशिप से अलग, LLP एक स्वतंत्र लीगल एंटिटी होती है, जहाँ बिज़नेस की देनदारियां LLP की अपनी संपत्तियों तक और पार्टनर्स का दायित्व सिर्फ़ उनके तय योगदान तक ही सीमित रहता है।
LLP में पार्टनर्स आपसी सहमति से निर्णय लेने की प्रक्रिया, प्रॉफ़िट-शेयरिंग और ज़िम्मेदारियाँ तय कर सकते हैं; यही कारण है कि यह स्ट्रक्चर कंसल्टिंग, प्रोफ़ेशनल सेवाओं, एजेंसियों और टेक व्यवसायों के लिए बेहद मुफ़ीद है।
हालांकि, सीमित देनदारी की भी सीमाएँ हैं, यदि कोई पार्टनर धोखाधड़ी, मिसकंडक्ट या गैर-कानूनी गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो उसकी व्यक्तिगत संपत्ति सुरक्षित नहीं रहती।
LLP किसके लिए उपयोगी हो सकती है?
LLP हर बिज़नेस के लिए जरूरी नहीं है। यह स्ट्रक्चर खास तौर पर उन लोगों के लिए है जो दो या अधिक पार्टनर्स के साथ बिज़नेस शुरू करना चाहते हैं। उदाहरण के लिए, Shopify पर अपना स्टोर चलाने वाले फाउंडर LL।
उदाहरण के लिए:
- दो फाउंडर्स मिलकर कंसल्टिंग बिज़नेस शुरू कर रहे हों
- प्रोफ़ेशनल्स मिलकर डिज़ाइन, लीगल, एकाउंटिंग या एडवाइज़री फ़र्म शुरू करना चाहते हों
- टेक्नोलॉजी या सॉफ़्टवेयर सर्विसेज़ बिज़नेस में कई पार्टनर्स हों
- एजेंसी या बी2बी सर्विस बिज़नेस को फ़ॉर्मल लीगल स्ट्रक्चर देना हो
- ऐसा बिज़नेस हो जिसमें पार्टनर्स के रोल्स और प्रॉफिट-शेयरिंग पहले से स्पष्ट किए जा सकें
अगर आप अकेले बिज़नेस शुरू कर रहे हैं, तो LLP आपके लिए सीधे उपलब्ध विकल्प नहीं है क्योंकि LLP में कम-से-कम दो पार्टनर्स की आवश्यकता होती है।
LLP रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया: 7 मुख्य चरण
भारत में LLP शुरू करने की प्रक्रिया को आसान तरीके से समझने के लिए इसे इन चरणों में बाँटा जा सकता है:
- पार्टनर्स और डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स तय करें
- बिज़नेस का नाम चुनें
- DSC और आवश्यक पहचान संबंधी डिटेल्स तैयार करें
- LLP के इनकॉर्पोरेशन डॉक्यूमेंट्स तैयार करें
- LLP पर फ़िलिप (FiLLiP) के माध्यम से इनकॉर्पोरेशन के लिए आवेदन करें
- LLP एग्रीमेंट तैयार करके आवश्यक फ़ाइलिंग पूरी करें
- LLP रजिस्ट्रेशन के बाद टैक्स और अन्य कंप्लायंसेज़ शुरू करें
अब हर चरण को विस्तार से समझते हैं।
1. पार्टनर्स और डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स तय करें
सबसे पहले तय करें कि LLP में कौन-कौन पार्टनर्स होंगे और उनकी भूमिका क्या होगी।
LLP में न्यूनतम 2 पार्टनर्स और कम-से-कम 2 डेज़िग्नेटेड पार्टनर होने अनिवार्य हैं, जिनमें से 1 का भारतीय निवासी होना ज़रूरी है।
डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स सिर्फ़ बिज़नेस नहीं चलाते, बल्कि LLP की कानूनी फ़ाइलिंग्स और कंप्लायंस के लिए भी सीधे तौर पर ज़िम्मेदार होते हैं।
पार्टनर्स तय करते समय पहले से इन बातों पर चर्चा कर लेना उपयोगी है:
- किस पार्टनर का कितना पूंजी योगदान होगा?
- प्रॉफ़िट और लॉस किस अनुपात में बाँटा जाएगा?
- रोज़मर्रा के व्यावसायिक कामकाज कौन संभालेगा?
- बड़े वित्तीय और रणनीतिक फ़ैसले कैसे लिए जाएँगे?
- किसी पार्टनर के अलग होने की क्या प्रक्रिया होगी?
- नए पार्टनर को शामिल करने की क्या शर्तें और नियम होंगे?
इन बातों को केवल मौखिक रूप से तय करने के बजाय LLP एग्रीमेंट में स्पष्ट रूप से दर्ज करना बेहतर होता है।
2. बिज़नेस का नाम चुनें
अगला कदम बिज़नेस का नाम चुनना है। नाम ऐसा चुनें जो किसी मौजूदा रजिस्टर्ड कंपनी या ट्रेडमार्क से मेल न खाता हो। केवल MCA पोर्टल पर नाम मिलना काफ़ी नहीं है; भविष्य में विवादों से बचने के लिए ट्रेडमार्क की उपलब्धता (IPIndia) ज़रूर जाँच लें।
नाम चुनते समय:
- अत्यधिक सामान्य नामों से बचें।
- किसी अन्य बिज़नेस से मिलते-जुलते या भ्रामक नामों की पहले ही जाँच कर लें।
- डोमेन नेम और सोशल मीडिया हैंडल्स की उपलब्धता भी देख लें।
- नाम में एक मजबूत ब्रांड बनने की क्षमता होनी चाहिए।
- यह सुनिश्चित करें कि नाम आपके वास्तविक बिज़नेस मॉडल और गतिविधियों से मेल खाता हो।
बिज़नेस का नाम फ़ाइनल करने से पहले प्रस्तावित नाम और पहले से रजिस्टर्ड कंपनियों की जानकारी MCA की ऑनलाइन सुविधा के ज़रिए ज़रूर चेक कर लें।
3. DSC और आवश्यक पहचान संबंधी डिटेल्स तैयार करें
LLP के ऑनलाइन इनकॉर्पोरेशन के लिए प्रस्तावित डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स का डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफ़िकेट (DSC) अनिवार्य है। इसके साथ ही, सभी पार्टनर्स के पहचान, पते और टैक्स से जुड़े ज़रूरी दस्तावेज़ पहले से तैयार रखें।
आपको इन जानकारी की जरूरत पड़ सकती है:
- पैन कार्ड (PAN): सभी पार्टनर्स के लिए ज़रूरी।
- पहचान प्रमाण: वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस।
- निवास प्रमाण: बैंक स्टेटमेंट, बिजली बिल या टेलीफ़ोन बिल।
- संपर्क विवरण: एक्टिव ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर।
- पासपोर्ट साइज़ फ़ोटो: जहाँ आवश्यक हो।
- सहमति व घोषणा: पार्टनर/डेज़िग्नेटेड पार्टनर बनने के लिए औपचारिक सहमति पत्र।
यदि कोई पार्टनर विदेशी नागरिक या अनिवासी है, तो उसके लिए विशेष दस्तावेज़ और सत्यापन नियम लागू होंगे। उसके पासपोर्ट, पहचान और पते के प्रमाण को उसके निवाश के देश में नोटराइज़, एपोस्टिल या भारतीय दूतावास द्वारा सत्यापित कराना अनिवार्य हो सकता है।
4. LLP के इनकॉर्पोरेशन डॉक्यूमेंट्स तैयार करें
LLP का एक रजिस्टर्ड ऑफ़िस होना ज़रूरी है, जहाँ सभी सरकारी नोटिस और पत्राचार भेजे जा सकें। यह आपकी अपनी जगह हो सकती है या कोई किराए/लीज़ वाली जगह, जिसके इस्तेमाल का आपके पास कानूनी अधिकार हो।
इसके लिए पते का प्रमाण (बिजली बिल, प्रॉपर्टी टैक्स रसीद) और मालिकाना हक के दस्तावेज़ या रेंट एग्रीमेंट व NOC की ज़रूरत होती है।
इनकॉर्पोरेशन से पहले बेसिक स्ट्रक्चर:
- प्रस्तावित नाम: LLP के लिए तय किया गया नाम।
- बिज़नेस गतिविधि: आप क्या काम करेंगे।
- पार्टनर्स के नाम और भूमिकाएँ: कौन-सा पार्टनर क्या ज़िम्मेदारी संभालेगा।
- डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स: कानूनी और प्रशासनिक ज़िम्मेदारी उठाने वाले पार्टनर्स।
- पूँजी निवेश: प्रत्येक पार्टनर कितना पैसा या संसाधन लगा रहा है।
- मुनाफ़ा-बँटवारा अनुपात: मुनाफ़े या नुकसान का बँटवारा किस अनुपात में होगा।
इन बातों को पहले से जितना साफ़ और स्पष्ट रखेंगे, LLP रजिस्ट्रेशन और आगे LLP एग्रीमेंट ड्राफ़्ट करना उतना ही आसान हो जाएगा।
5. LLP पर फ़िलिप (FiLLiP) के माध्यम से इनकॉर्पोरेशन के लिए आवेदन करें
LLP इनकॉर्पोरेशन के लिए MCA पोर्टल पर FiLLiP भरा जाता है। इसमें प्रस्तावित LLP, पार्टनर्स और डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स की पूरी जानकारी दर्ज होती है। यदि नाम पहले से आरक्षित नहीं कराया गया है, तो नाम आरक्षण और इनकॉर्पोरेशन दोनों एक साथ इसी प्रक्रिया के तहत किए जा सकते हैं।
MCA के नियमों के अनुसार, पार्टनर्स की सहमति के साथ-साथ, जिन प्रस्तावित पार्टनर्स के पास DIN/DPIN नहीं है, उनके लिए आवेदन भी FiLLiP फ़ॉर्म के ज़रिए ही प्रोसेस हो सकता है।
फ़ॉर्म सबमिट करने से पहले नाम की स्पेलिंग, PAN, पता, पूँजी निवेश और पार्टनर्स के विवरण को बारीकी से जाँच लें। किसी भी छोटी चूक के कारण बाद में अतिरिक्त फ़ाइलिंग, पेनल्टी या संशोधन की नौबत आ सकती है।
फ़ाइलिंग शुल्क मुख्य रूप से कुल प्रस्तावित पूँजी और राज्यवार स्टैम्प ड्यूटी नियमों पर निर्भर करता है। इसलिए किसी पुराने लेख या तयशुदा आँकड़ों पर निर्भर रहने के बजाय फ़ाइलिंग के समय MCA पोर्टल पर दिखने वाली वास्तविक फ़ीस ही मान्य रखें।
6. LLP एग्रीमेंट तैयार करके आवश्यक फ़ाइलिंग पूरी करें
LLP रजिस्ट्रेशन के बाद सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ LLP एग्रीमेंट होता है। यह पार्टनर्स के बीच बिज़नेस के संचालन, अधिकारों और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित करता है।
इसमें आम तौर पर ये बातें शामिल की जा सकती हैं:
- पूँजी निवेश
- लाभ-हानि का बँटवारा
- भूमिकाएँ एवं निर्णय प्रक्रिया
- पारिश्रमिक (Partner remuneration)
- नए पार्टनर का प्रवेश व निकास
- विवाद निवारण
- समापन प्रक्रिया
LLP का सबसे बड़ा फायदा इसकी ऑपरेशनल फ्लेक्सिबिलिटी है, लेकिन अगर नियम और शर्तें स्पष्ट न हों, तो यही छूट भविष्य में पार्टनर्स के बीच विवाद का कारण बन सकती है।
किसी जेनेरिक टेम्पलेट पर निर्भर रहने के बजाय, अपने बिज़नेस मॉडल, पार्टनर की भूमिकाओं और भविष्य की योजनाओं के अनुसार एक कस्टमाइज़्ड LLP एग्रीमेंट ही तैयार करवाएं।
LLP एग्रीमेंट पर लागू होने वाली स्टैम्प ड्यूटी राज्य के स्टैम्प एक्ट और कुल पूँजी निवेश के आधार पर तय होती है, जो अलग-अलग राज्यों में भिन्न हो सकती है।
7. LLP रजिस्ट्रेशन के बाद टैक्स और अन्य कंप्लायंसेज़ शुरू करें
LLP का इनकॉर्पोरेशन सर्टिफ़िकेट मिल जाना शुरुआत है, प्रक्रिया का अंत नहीं। कानूनी रूप से सक्रिय रहने और पेनल्टी से बचने के लिए एक रजिस्टर्ड LLP को अपनी वार्षिक और अन्य सभी कंप्लायंसेज़ समय पर पूरी करनी होती हैं।
मुख्य वार्षिक और वैधानिक दायित्व:
-
MCA वार्षिक फ़ाइलिंग्स:
- Form 8 (Statement of Account & Solvency): वित्तीय स्थिति और सॉल्वेंसी का विवरण।
- Form 11 (Annual Return): पार्टनर्स और प्रबंधन से संबंधित वार्षिक रिटर्न।
- एकाउंटिंग और टैक्स: बही-खातों का सही रखरखाव और समय पर ITR फ़ाइल करना और लागू होने पर टैक्स ऑडिट कराना।
- GST अनुपालन: यदि टर्नओवर सीमा या व्यावसायिक मॉडल के आधार पर GST लागू होता है, तो GST रजिस्ट्रेशन और मासिक/त्रैमासिक रिटर्न।
- अन्य विशिष्ट अनुपालनाएँ: बिज़नेस के स्वरूप के अनुसार TDS कटौती व रिटर्न, प्रोफ़ेशनल टैक्स (PT), कर्मचारियों से जुड़े नियम (PF/ESI), तथा इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कोड (IEC) या उद्योग-विशिष्ट लाइसेंस।
LLP रजिस्ट्रेशन और अन्य चीज़ें पूरी करने के बाद, अगर आप ऑनलाइन प्रोडक्ट बेचने की योजना बना रहे हैं, तो Shopify पर अपना ई-कॉमर्स स्टोर सेट अप कर सकते हैं।
Shopify आपको ऑनलाइन स्टोर बनाने, प्रोडक्ट और इन्वेंट्री मैनेज करने, ऑर्डर ट्रैक करने और अलग-अलग बिक्री चैनलों पर बेचने के लिए एक ही प्लेटफ़ॉर्म देता है।
LLP के मुख्य फायदे
1. सीमित दायित्व सुरक्षा
LLP कानून की नज़र में अपने साझेदारों से पूरी तरह अलग होती है। व्यापारिक देनदारियों या नुकसान के लिए साझेदारों की निजी संपत्ति सुरक्षित रहती है। पारंपरिक पार्टनरशिप की तुलना में बिज़नेस रिस्क को संभालना इसमें काफ़ी आसान और सुरक्षित हो जाता है।
2. फ्लेक्सिबल मैनेजमेंट
पार्टनर्स अपनी जिम्मेदारियाँ और संचालन के नियम LLP एग्रीमेंट के ज़रिए खुद तय कर सकते हैं। यदि एक पार्टनर सेल्स, दूसरा ऑपरेशन्स और तीसरा फ़ाइनेंस या तकनीक संभाल रहा हो, तो आंतरिक नियंत्रण को बिना किसी जटिल बोर्ड मीटिंग प्रक्रिया के सुचारु रूप से चलाया जा सकता है।
3. पार्टनर्स के बीच स्पष्ट व्यवस्था
एक स्पष्ट LLP एग्रीमेंट से निर्णय लेने की प्रक्रिया, पूँजी योगदान, पारिश्रमिक और मुनाफ़े-घाटे का बँटवारा पहले से स्पष्ट रहता है।
4. औपचारिक कानूनी पहचान एवं विश्वसनीयता
सरकारी रजिस्ट्रेशन (MCA) के कारण व्यवसाय को एक आधिकारिक पहचान मिलती है क्लाइंट्स, वेंडर्स, बैंकों और अन्य संस्थानों के साथ अनुबंध करना तथा व्यावसायिक रिश्ते निभाना अधिक संगठित और भरोसेमंद हो जाता है।
5. पार्टनरशिप और कंपनी के बीच का संतुलित विकल्प
यह उन उद्यमियों के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प है, जो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी जैसी 'सीमित देनदारी' और 'अलग कानूनी पहचान' तो चाहते हैं, लेकिन साथ ही पारंपरिक पार्टनरशिप जैसी 'आंतरिक छूट' और 'कम अनुपालन जटिलता' भी बनाए रखना चाहते हैं।
LLP की मुख्य चुनौतियाँ
यह मेंटेनेंस-फ़्री मॉडल नहीं है; फॉर्म 8, फॉर्म 11 और ITR जैसी समयबद्ध वार्षिक फ़ाइलिंग्स न करने पर भारी लेट फ़ीस और पेनल्टी लगती है।
कम्प्लायंस की जिम्मेदारी
LLP के लिए सभी ज़रूरी वार्षिक फ़ाइलिंग्स और रिकॉर्ड मेंटेन करना अनिवार्य है। डेडलाइन चूकने पर भारी लेट फ़ीस (दैनिक जुर्माना) और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
एकाउंटिंग और प्रोफ़ेशनल कॉस्ट
बही-खातों के संधारण, टैक्स फ़ाइलिंग्स और वैधानिक अनुपालनों के लिए बिज़नेस की ज़रूरत के मुताबिक CA, CS या अन्य विशेषज्ञों की मदद लेनी पड़ सकती है।
पार्टनर्स के बीच विवाद
भूमिकाओं, मुनाफ़े और एग्ज़िट शर्तों में अस्पष्टता विवाद का कारण बन सकती है; इसलिए एक ठोस LLP Agreement अनिवार्य है।
फ़ंडिंग की सीमाएँ
VC और संस्थागत निवेशक इक्विटी शेयर जारी न हो पाने के कारण LLP में निवेश से बचते हैं; बड़े स्तर पर फ़ंडरेज़िंग के लिए प्राइवेट लिमिटेड अधिक उपयुक्त मानी जाती है।
LLP बनाम पारंपरिक पार्टनरशिप: मुख्य अंतर
| आधार | सीमित दायित्व साझेदारी (LLP) | पारंपरिक साझेदारी |
|---|---|---|
| कानूनी पहचान | यह कानून की नज़र में पार्टनर्स से अलग होती है | फर्म और पार्टनर्स कानूनी रूप से एक ही माने जाते हैं |
| देनदारी | देनदारी केवल पार्टनर के पूँजी योगदान तक सीमित होती है | व्यावसायिक नुकसान या कर्ज चुकाने के लिए पार्टनर्स की निजी संपत्ति भी जब्त हो सकती है |
| रजिस्ट्रेशन | MCA के पास अनिवार्य विधिक रजिस्ट्रेशन | पार्टनरशिप एक्ट 1932 के तहत वैकल्पिक |
| वार्षिक अनुपालन | अनिवार्य वार्षिक रिटर्न (Form 8, Form 11) और MCA के नियम लागू होते हैं | कम, मुख्य रूप से टैक्स रिटर्न और अकाउंट्स तक सीमित |
| उपयुक्तता | उन व्यवसायों के लिए सही जिन्हें कानूनी सुरक्षा, कॉर्पोरेट पहचान और सीमित जोखिम चाहिए | बहुत छोटे व्यवसायों के लिए सरल, जहाँ जोखिम कम हो और अनुपालन का झंझट न चाहिए हो |
LLP बनाम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी: मुख्य अंतर
| आधार | LLP | प्राइवेट लिमिटेड कंपनी (Pvt Ltd) |
| ओनरशिप | मालिकाना हक पार्टनर के पास होता है | हिस्सेदारी शेयर्स में बँटी होती है |
| बाहरी फ़ंडिंग | निवेशक अमूमन LLP में इक्विटी निवेश नहीं करते | शेयर जारी करके निवेशकों से फ़ंड जुटाना सरल होता है |
| मैनेजमेंट | पार्टनर्स आपसी समझौते से नियम तय करते हैं | बोर्ड मीटिंग्स, AGM, और कंपनी एक्ट के सख्त नियमों का पालन अनिवार्य |
| अनुपालन का बोझ | फ़ाइलिंग्स और अन्य औपचारिकताएँ कम और सरल होती हैं | ऑडिट, बोर्ड प्रस्ताव और वार्षिक रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से सख्त हैं |
| सर्वोत्तम उपयुक्तता | प्रोफ़ेशनल फ़र्म्स, सर्विस एजेंसियाँ, और बूटस्ट्रैप्ड बिज़नेस | हाई-ग्रोथ स्टार्टअप्स और बड़े पैमाने पर विस्तार के लिए। |
LLP पर टैक्स कैसे लगता है?
LLP पर इंडिविजुअल स्लैब के बजाय शुद्ध लाभ पर सीधे 30% फ़्लैट टैक्स (प्लस सरचार्ज और 4% सेस) लगता है और कुछ स्थितियों में AMT भी लागू होता है। फ़र्म द्वारा टैक्स चुकाने के बाद पार्टनर्स के बीच बँटने वाला शुद्ध मुनाफ़ा उनके हाथ में टैक्स-फ़्री रहता है।
क्या ऑनलाइन बिज़नेस के लिए LLP ज़रूरी है?
नहीं, Shopify पर ऑनलाइन स्टोर शुरू करने के लिए LLP होना अनिवार्य नहीं है। हालाँकि, यदि दो या अधिक को-फाउंडर्स मिलकर कोई सर्विस, ई-कॉमर्स या कंसल्टिंग बिज़नेस शुरू कर रहे हैं और उन्हें सीमित देनदारी की कानूनी सुरक्षा चाहिए, तो LLP एक बेहतरीन विकल्प है।
LLP शुरू करने से पहले की चेकलिस्ट
-
पार्टनर्स और स्ट्रक्चर:
- न्यूनतम 2 पार्टनर्स और 2 डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स तय करना
- कम से कम 1 भारतीय निवासी पार्टनर तय करना
- पूँजी योगदान और लाभ-शेयरिंग तय करना
-
दस्तावेज़ और पहचान:
- पार्टनर्स के डिजिटल सिग्नेचर (DSC) और KYC दस्तावेज़
- रजिस्टर्ड ऑफ़िस का प्रमाण (NOC, यूटिलिटी बिल, रेंट एग्रीमेंट)
-
नाम और ब्रांड सुरक्षा:
- MCA पोर्टल पर नाम की उपलब्धता की जाँच (RUN-LLP)
- ट्रेडमार्क कंफ्लिक्ट से बचने के लिए IP India पर सर्च
-
पंजीकरण व लीगल ड्राफ्टिंग:
- बिज़नेस की मुख्य गतिविधियों का स्पष्ट निर्धारण
- FiLLiP फ़ॉर्म की तैयारी
- राज्य-विशिष्ट स्टाम्प ड्यूटी के अनुसार LLP एग्रीमेंट का ड्राफ्ट
-
टैक्स और अनुपालन योजना:
- PAN/TAN, बैंक खाता और लागू होने पर GST रजिस्ट्रेशन की तैयारी
- MCA और इनकम टैक्स के वार्षिक अनुपालन का कैलेंडर
LLP रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
LLP register करने में कितना समय लगता है?
LLP रजिस्ट्रेशन में 7 से 15 वर्किंग डेज़ का समय लगता है। यह दस्तावेज़ों की सटीकता, MCA द्वारा नाम की मंज़ूरी की गति और किसी क्लैरिफ़िकेशन या री-सबमिशन की ज़रूरत पर निर्भर करती है, इसलिए प्रक्रिया में देरी से बचने के लिए सभी दस्तावेज़ पहले से सही रखना ज़रूरी है।
क्या एक व्यक्ति LLP शुरू कर सकता है?
नहीं, एक व्यक्ति अकेले LLP नहीं बना सकता क्योंकि ]इसमें कम से कम दो पार्टनर्स और दो डेज़िग्नेटेड पार्टनर्स का होना ज़रूरी है। यदि आप अकेले ही बिज़नेस शुरू करना चाहते हैं और कॉर्पोरेट पहचान व सीमित देनदारी की सुरक्षा भी चाहते हैं, तो One Person Company (OPC) आपके लिए सही विकल्प है।
क्या LLP के लिए GST रजिस्ट्रेशन जरूरी है?
LLP के लिए GST रजिस्ट्रेशन टर्नओवर और बिज़नेस मॉडल पर निर्भर करता है। सामान्यतः ₹20 लाख (सर्विस) या ₹40 लाख (गुड्स) से अधिक टर्नओवर होने पर यह ज़रूरी है। अगर आपके Shopify स्टोर पर GST लागू होता है, तो अपने टैक्स की जानकारी (GSTIN) और प्रोडक्ट्स की GST दरें सही से सेट कर लें।
क्या LLP में विदेशी पार्टनर हो सकता है?
हाँ, एक विदेशी नागरिक या विदेशी कंपनी भारतीय LLP में पार्टनर बन सकती है, बशर्ते वह बिज़नेस 100% ऑटोमैटिक FDI रूट के तहत आता हो। इसके लिए FEMA और RBI की रिपोर्टिंग औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं.
क्या LLP को बाद में प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बदला जा सकता है?
हाँ, कंपनी अधिनियम, 2013 के Chapter XXI (Part I) के तहत एक LLP को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बदला जा सकता है।
क्या LLP के लिए CA या CS की जरूरत होती है?
हर चरण पर CA/CS को रखना अनिवार्य नहीं है, लेकिन FiLLiP इनकॉर्पोरेशन फ़ॉर्म को सर्टिफ़ाई कराने के लिए प्रैक्टिसिंग CA, CS, CMA या एडवोकेट का सिग्नेचर कानूनन ज़रूरी होता है। इसके अलावा, टर्नओवर ₹40 लाख या कैपिटल ₹25 लाख पार होने पर CA से ऑडिट कराना अनिवार्य हो जाता है।

